मैनपुरी , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मैनपुरी दौरे को जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की पावन भूमि पर मुख्यमंत्री का आगमन सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जनपद को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें देंगे तथा विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनपदवासियों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, उनका विस्तृत विवरण कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास योजनाएं शामिल हैं, जो मैनपुरी के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपद के लिए यादगार साबित होगा और प्रदेश सरकार की विकास एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित