मथुरा , नवंबर 04 -- हिमाचल प्रदेश के प्रभारी, पूर्व ऊर्जा मंत्री और मथुरा-वृंदावन से विधायक श्रीकांत शर्मा ने समाजवादी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुये कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधानसभा चुनाव में चुनौती देने वालों ने अपने पैर वापस खींच लिये है।
हिमाचल का दौरा कर वापस मथुरा आए श्री शर्मा ने बुधवार को कहा कि अखिलेश यादव ने चुनाव से पूरी तरह सरेंडर कर दिया है, क्योंकि वे भली-भांति जानते हैं कि प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ही सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा एक समय था जब अखिलेश यादव हमारे मुख्यमंत्री को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे थे, लेकिन अब चुनौती देना तो दूर, वे खुद ही पीछे हट गए हैं और सरेंडर कर चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पहले के समय को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि एक दौर था जब अंधेरा शुरू होने और सड़कों के गड्ढों से यह पहचान होती थी कि उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश हो चुका है, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह से बदल गई है और प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वे बौखलाहट में हैं और एक षड्यंत्र के तहत केंद्र सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में ज़मानत पर बाहर है, वह देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को धमकियाँ दे रहा है।
कांग्रेस की स्थिति पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मात्र दो प्रतिशत की पार्टी बनकर रह गई है। यही कारण है कि उनके नेता ज़मीनी धरातल पर नहीं उतरते, क्योंकि उन्हें मालूम है कि जनता के बीच उनके लिए कुछ नहीं बचा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित