भिण्ड , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भिण्ड जिले के लहार पहुंचे, जहां उन्होंने लहार विधायक अम्बरीश शर्मा की माता स्वर्गीय अरुणा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लहार विधायक के पैतृक गांव सीकरी जागीर पहुंचकर स्वर्गीय अरुणा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह लाड़ली बहना योजना के कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लगभग एक करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री राकेश शुक्ला, लहार विधायक अम्बरीश शर्मा, भिण्ड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लहार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां कीं। महाराणा प्रताप चौराहे से पचपेड़ा तिराहे तक रोड शो मार्ग पर अनेक स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर संत समाज के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। संत समिति के अध्यक्ष कालीदास महाराज ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने से रोक दिया, जिसके कारण वे ज्ञापन नहीं दे सके।

संत समाज का कहना है कि भिण्ड-इटावा मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है। उनका दावा है कि मार्ग संकरा और बदहाल होने के कारण यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए शीघ्र चौड़ीकरण कराया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित