भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने जन्मदिवस 25 मार्च को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बामनेर नदी में एक दर्जन कछुओं को रिलीज करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री इस दौरान टाइगर रिजर्व में चीतों के पुनर्वास के लिए सॉफ्ट रिलीज बोमा का भूमि-पूजन भी करेंगे।

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व राज्य का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है, जो सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों में फैला हुआ है और लगभग 2339 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विस्तृत है। यह मध्यप्रदेश का सातवां और देश का 54वां टाइगर रिजर्व है, जिसे वर्ष 2023 में घोषित किया गया था।

रिजर्व में वर्तमान में 32 टाइगर मौजूद हैं और इसे भेड़ियों की भूमि के रूप में भी जाना जाता है। यहां विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों के साथ 240 से अधिक पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं। अधिकारियों के अनुसार टाइगर रिजर्व का भूभाग चीतों के अनुकूल है और भविष्य में कूनो अभयारण्य से चीतों को यहां बसाने की योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित