जयपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान के पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत सवाई माधोपुर जिले में पशुपालकों के बीमा क्लेम राशि के भुगतान की प्रक्रिया जारी है और शेष पात्र दावों का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होते ही शीघ्र कर दिया जाएगा।

श्री कुमावत प्रश्नकाल में विधायक इन्द्रा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जिले में बीमित पशुओं की मृत्यु के बाद बीमा क्लेम हेतु कुल 217 आवेदन प्राप्त हुए हैं। राज्य सरकार द्वारा 72 पात्र आवेदनों पर 14 लाख 58 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शेष पात्र दावों का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होते ही शीघ्र कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले में 13 दिसम्बर 2024 से गत 15 फरवरी तक मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में 27 हजार 909 पशुपालकों द्वारा आवेदन किया गया। जिनमें से राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के माध्यम से पंजीकृत पशुपालकों का लॉटरी के माध्यम से अंतिम चयन कर 15 फरवरी तक कुल 20 हजार 642 पशुपालकों को पॉलिसी बॉण्ड जारी किये गये हैं।

उन्होंने योजना की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी से सदन को अवगत कराते हुए बताया कि जिले के विधानसभा क्षेत्र बामनवास में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत कुल 6845 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4567 पशुपालकों को पॉलिसी जारी कर की गई। 7734 बीमित पशुओं में से मृत पशुओं के 52 दावे पेश किये गए, जिनमें से 10 दावों का निस्तारण करते हुए दो लाख 85 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित