एमसीबी , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी पहल "मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना" लाखों परिवारों के जीवन में राहत, भरोसा और सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिख रही है। यह योजना केवल बिजली बिल में छूट तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को सम्मान के साथ राहत देने का प्रभावी माध्यम बन गई है।
एमसीबी के जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोमवार को बताया कि बढ़ते बिजली बिल और सरचार्ज के कारण अनेक परिवार आर्थिक दबाव में थे। ऐसे में इस योजना ने बड़ी राहत प्रदान की है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को मूल बकाया राशि पर 50 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, वहीं सरचार्ज को पूर्णतः माफ किया जा रहा है। इससे हजारों परिवारों को आर्थिक संतुलन बनाने में मदद मिल रही है और वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट पा रहे हैं।
विकासखंड मनेन्द्रगढ़ की निवासी शाहीन बेगम इस योजना की सफलता का एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर सामने आई हैं। उन पर करीब 48 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था, जो उनके लिए गंभीर चिंता का कारण बन गया था। योजना के अंतर्गत उन्हें 23 हजार रुपये से अधिक की छूट मिली, जिससे उनका आर्थिक बोझ काफी कम हो गया। अब वे न केवल आर्थिक रूप से राहत महसूस कर रही हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त और आत्मविश्वासी बनी हैं।
योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सरल और पारदर्शी प्रक्रिया है। उपभोक्ता "मोर बिजली ऐप" या अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र के माध्यम से आसानी से पंजीयन कर सकते हैं। केवल 10 प्रतिशत प्रारंभिक राशि जमा कर शेष बकाया को आसान किस्तों में चुकाने की सुविधा ने इसे आमजन के लिए अत्यंत सुलभ बना दिया है।
प्रदेशभर में इस योजना से 28 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलने का अनुमान है। इसके तहत लगभग 757 करोड़ रुपये से अधिक की राशि माफ की जा रही है, जो इसे राज्य की प्रमुख राहत योजनाओं में शामिल करता है।
यह योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान नहीं कर रही है, बल्कि सरकार और नागरिकों के बीच विश्वास की नई नींव भी मजबूत कर रही है। जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बकाया के कारण बंद हो गए थे, उन्हें पुनः चालू कराने का अवसर मिल रहा है। इससे उनके जीवन में स्थिरता लौट रही है और भविष्य के प्रति नई उम्मीद जाग रही है। कुल मिलाकर, यह योजना प्रदेश के आमजन के लिए राहत और सकारात्मक परिवर्तन की प्रभावी पहल साबित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित