चंडीगढ़ , मई 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को संत कबीर कुटीर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (सीएमजीजीए) के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को धरातल पर साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन के जीवन को सरल बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की छोटी से छोटी समस्या का भी संवेदनशीलता से समाधान होना चाहिए। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सीएमजीजीए ने अपने फील्ड अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने सभी सहयोगियों को कार्यक्षेत्र से संबंधित विस्तृत ब्रीफ नोट मुख्यमंत्री कार्यालय को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में फील्ड की चुनौतियां, अधिकारियों का सहयोग, प्रभावी प्रोजेक्ट और आगे आवश्यक कार्यों का उल्लेख किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित