उज्जैन , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन प्रवास के दौरान कोठी महल स्थित निर्माणाधीन वीर भारत संग्रहालय का औचक निरीक्षण कर जीर्णोद्धार कार्य की गुणवत्ता तथा भवन की ऐतिहासिक मौलिकता को अक्षुण्ण बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जीर्णोद्धार कार्य में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री का निरीक्षण किया तथा कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों और कारीगरों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि रिनोवेशन के दौरान पारंपरिक निर्माण पद्धतियों का ही उपयोग किया जाए, ताकि भवन की मूल पहचान और ऐतिहासिक स्वरूप सुरक्षित रह सके। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश भी दिए।
वीर भारत संग्रहालय का जीर्णोद्धार कार्य उज्जैन स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान 'दी धरोहर' कंपनी की अधिकारी श्रीमती संगीता बैस ने मुख्यमंत्री को अब तक किए गए कार्यों और निर्माण की प्रगति की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने संग्रहालय भवन की अधोसंरचना का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिए कि भवन के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक ढांचे में किसी प्रकार का परिवर्तन न किया जाए। उन्होंने कहा कि जीर्णोद्धार इस प्रकार किया जाए कि भवन का मूल स्वरूप, प्राचीन भव्यता और ऐतिहासिक पहचान पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित