चंडीगढ़ , अक्टूबर 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को लाडवा में कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग पर स्थापित महाराजा शूरसैनी की भव्य प्रतिमा का उद्घाटन किया। शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से लगभग 98 लाख रुपये की लागत से इस प्रतिमा का निर्माण करवाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा शूरसैनी महान योद्धा, कुशल प्रशासक और न्यायप्रिय शासक थे। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण और सुशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन सत्य, न्याय, वीरता और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। प्रतिमा युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थल को आकर्षक पार्क के रूप में विकसित किया गया है। यहां सजावटी प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं। महाराजा शूरसैनी की प्रतिमा से लाडवा को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनी समुदाय ने देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि लाडवा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। यहां सड़कों, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। महाराजा शूरसैनी चौक को नगर समिति ने आदर्श चौराहे के रूप में विकसित किया है, जहां सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित