उज्जैन , अक्टूबर 18 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के गजनीखेड़ी स्थित मां चामुंडा धाम पहुंचकर देवी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने 22 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए नई परियोजना शुरू की जा रही है। बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे किसानों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। भाटपचलाना और इंगोरिया में सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण इकाइयां भी शुरू की जा रही हैं, जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेंगी और उन्हें उपज का उचित मूल्य दिलाने में मदद करेंगी।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में चीतों को पुनः स्थापित किया गया है। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर के माध्यम से निशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नक्सलवाद समाप्त होने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने बड़नगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित करने और गीता भवन बनवाने की घोषणा की। कार्यक्रम के तहत मां चामुंडा मंदिर परिसर में 16 कमरों की धर्मशाला, टीन शेड, सामुदायिक भवन, शौचालय और पेयजल के लिए पानी की टंकी सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा तीन किलोमीटर लंबे वाटर रिटेंशन कार्य, मंदिरों को जोड़ने वाली सीसी सड़कें, बाउंड्रीवॉल तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन, सीसी सड़क और आरसीसी नालियों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के गजनीखेड़ी पहुंचने पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक जितेंद्र पंड्या, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने उनका स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित