उज्जैन , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन में सती गेट से गोपाल मंदिर तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के इंजीनियर से कार्य की कार्ययोजना की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने प्राचीन श्री चिंताहरण गणेश मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कंठाल चौराहा और प्राचीन श्री सती माता मंदिर द्वार के प्रस्तावित विकास कार्यों की डिजाइन का भी अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने विकास कार्यों की जानकारी दी।

डॉ. यादव ने सती गेट से छोटा सराफा चौराहा तक पैदल भ्रमण कर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने पुष्पमाला और दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ-2028 के लिए कंठाल चौराहे से छत्री चौक तक 410 मीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कर इसे 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। कंठाल चौराहे पर 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही प्राचीन श्री सती माता द्वार का विकास एवं सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित