उमरिया , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पर बनी लघु फिल्म 'ए डे इन द लैंड ऑफ टाइगर्स' को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, मुहली में रिलीज किया। यह फिल्म वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के समापन अवसर पर रिलीज की गई।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि 13 मिनट 13 सेकंड की यह फिल्म बांधवगढ़ के घने जंगलों, इतिहास, वन्यजीवों और पर्दे के पीछे की अनकही कहानियों से दर्शकों को रूबरू कराएगी। फिल्म में प्रदेश के बाघों के प्रमुख क्षेत्र के प्रबंधन की चुनौतियों को भी दर्शाया गया है। कार्यक्रम में फिल्म का एक मिनट का अंश प्रदर्शित किया गया। फिल्म का निर्माण उड़न गिलहरी कंपनी ने किया है। इसमें श्री ओजैर और श्री अमन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

डॉ. सहाय ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन सुरक्षा के लिए क्षेत्र संचालक, उप संचालक, पांच सहायक वन संरक्षक, एक वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, 10 वनक्षेत्रपाल, 11 उप वनक्षेत्रपाल, 31 वनपाल और 155 वनरक्षक सहित मुख्य महावत, महावत, सहायक महावत और वाहन चालकों को मिलाकर कुल 228 अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात तैनात हैं। इनके सहयोग के लिए 101 स्थाईकर्मी, 37 टीपीएफ जवान और 583 ईडीसी श्रमिक भी वन सुरक्षा में लगे हैं। क्षेत्र संचालक कार्यालय में लेखापाल, मानचित्रकार, सहायक ग्रेड-3, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित 32 कर्मचारियों की टीम कार्यालयीन कार्य में सहयोग कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित