भोपाल , अक्टूबर 22 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डॉ. यादव ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो एफ-54 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सुवर्णा राज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुवर्णा के शानदार प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और समर्पण ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुवर्णा इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने डब्ल्यू-1 महिला तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर स्वाति चौधरी को भी बधाई दी। इसके अलावा बैडमिंटन की विभिन्न स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतने वाले प्रमोद भगत, मनीषा रामदास, निथ्या श्री सुमथि सिवन, कृष्णा नागर, अभिजीत सखुजा, अल्फिया जेम्स, पल्लवी के.एम., संजना कुमारी और सुहास एल. यथीराज को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि खिलाड़ियों की दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और लगन ने पूरे भारत का मान बढ़ाया है। उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के करोड़ों खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित