भोपाल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव तथा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश देते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के निःशुल्क उपचार के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित