ग्वालियर , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर पहुंचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि सरकार सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराएगी। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ और चिकित्सकों से चर्चा कर उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले और गंभीर घायलों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए। अधिकारियों को उपचार व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने और मरीजों के परिजनों को आवश्यक सहयोग देने के लिए भी कहा।

डॉ. यादव ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल सात लोगों का ट्रामा सेंटर में उपचार जारी है। इनमें संजय शर्मा और कल्पना की हालत गंभीर बताई गई है। अन्य घायलों में शुभम राठौर, सोनू, अभिषेक जाटव, राजबहादुर क्षेत्री और सात वर्षीय दिव्यांश शामिल हैं। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की।

शनिवार रात हुई इस दुर्घटना में 15 लोगों की मृत्यु हुई थी और करीब 26 लोग घायल हुए थे। इनमें से सात घायलों का अभी ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है, जबकि सामान्य रूप से घायल लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित