बैतूल , जून 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुकरू प्रवास के दौरान एक ग्रामीण परिवार के घर पहुंचकर रात्रि भोजन किया। उन्होंने ग्रामीण शानु मंगल भुसुमकर के निवास पर परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर श्री अन्न (मिलेट्स) से बने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया तथा स्थानीय संस्कृति और खान-पान की सराहना की।

मुख्यमंत्री के ग्रामीण परिवार के घर पहुंचने से गांव में उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से आत्मीय बातचीत करते हुए गांव की जीवनशैली, आजीविका और स्थानीय परंपराओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर शानु मंगल भुसुमकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2019-20 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला, जिससे उनके परिवार का वर्षों पुराना घर का सपना पूरा हुआ। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्री अन्न को पोषण, बेहतर स्वास्थ्य और किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसके उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने भी ग्रामीण परिवार के साथ बैठकर श्री अन्न से बने भोजन का स्वाद लिया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित