भोपाल , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन जिले की मंडलेश्वर तहसील के कतरगांव स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन से जुड़े शासन के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं ऐसे केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने केंद्र पर किसानों और पशुपालकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने स्लॉट बुकिंग, उपार्जन प्रक्रिया और ओटीपी के माध्यम से किए जा रहे भुगतान की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल, छांव और अन्य आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान, सुविधा और उसकी उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसान भगीरथ मालवीय सहित अन्य किसानों से आत्मीय संवाद करते हुए खेती-किसानी, पशुपालन और डेयरी से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित