चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ''मन की बात'' का 138वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और हरियाणा का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

श्री सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतने वाले मुक्केबाज युग को सम्मानित किया। इनमें थाईलैंड में जीता एशियाई स्वर्ण पदक भी शामिल है। निकिता सहरावत को अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। सुबोध भट्ट को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतने पर सम्मान मिला।

निशांत दायमा ने राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते हैं, जबकि सचिन ने राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया। प्रिया यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। सृष्टि ने सीनियर विश्व चैंपियनशिप में चार पदक हासिल किए हैं। विवेक भारद्वाज ने इस्तांबुल, तुर्की में आयोजित ग्लोबल ग्रैपलिंग सीरीज कुश्ती में कांस्य पदक जीता।

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी, गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा, पूर्व मंत्री जेपी दलाल सहित भाजपा पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित