उज्जैन , मई 5 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन के नागझिरी स्थित अडानी एग्रो साइलो उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे गेहूं को बेमौसम बारिश से सुरक्षित रखा जा सकेगा और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि उपार्जन प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में गेहूं खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग की तिथि बढ़ाई गई है और उपार्जन कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को सात दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है और तौल कांटों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में लगभग 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है और आवश्यकता पड़ने पर क्षमता और बढ़ाई जा सकती है। साथ ही चना और मसूर की खरीदी भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर उपार्जन प्रक्रिया में भाग लें और किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और उपार्जन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित