भोपाल , जून 25 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंत्रालय में दिव्यांगजनों के लिए आग, लू और आकाशीय बिजली से बचाव संबंधी ब्रेल लिपि में प्रकाशित पुस्तक का लोकार्पण किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुस्तक का मुद्रण आपदा प्रबंध संस्थान, भोपाल द्वारा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से कराया गया है। यह पुस्तक दृष्टिबाधित व्यक्तियों को आपदा की स्थिति में बचाव और सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
बताया गया है कि केरल और असम के बाद आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए इस प्रकार की पहल करने वाला मध्यप्रदेश देश के चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है। पुस्तक को दृष्टिबाधित नागरिकों के लिए उपयोगी बताया गया है।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला तथा प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित