अल्मोड़ा , मई 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा दौरे पर जिले को करीब 138.09 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित भी किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जो राज्य की विकास यात्रा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। बीते वर्षों में उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है, जिससे रिवर्स पलायन में भी वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए गए कार्यों का परिणाम है।

राज्य स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी जनपद तीसरे स्थान पर शामिल रहे। मुख्यमंत्री की ओर से 112.11 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 25.97 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित