चम्पावत , मार्च 14 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल की।
उन्होंने उन्नत हृदय जीवन रक्षक प्रणाली से सुसज्जित (एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में अत्याधुनिक फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक एसीएलएस एम्बुलेंस के संचालन से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और उन्नत चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।
इस अत्याधुनिक सुविधायुक्त सीएलएस एम्बुलेंस को काशीपुर स्थित बहल पेपर मिल लिमिटेड की ओर से उपलब्ध कराई गई है। यह एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है और हृदय रोग, दुर्घटना तथा अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन के माध्यम से अब मोतियाबिंद सहित कई नेत्र रोगों का आधुनिक तकनीक से इलाज संभव हो सकेगा। इससे मरीजों को उपचार के लिए अन्य जनपदों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का भी दौरा किया और उपचाराधीन मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, त्वरित उपचार और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा समेत गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित