समस्तीपुर , मार्च 22 -- बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री और समस्तीपुर जिले के प्रभारी श्रवण कुमार ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है और प्रत्येक जिले में उद्योग-धंधों के हब बनाये जा रहे हैं।
मंत्री श्री कुमार ने समस्तीपुर शहर के पटेल मैदान में आयोजित बिहार दिवस समारोह का उद्वघाटन करते हुए आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व मे बिहार प्रगति के पथ पर लगातार अग्रसर है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर समेत राज्य के प्रत्येक जिलों में उधोग-धंधों का हब बनाया जायेगा।उन्होंने कहा कि बिहार दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपनी धरती, अपनी विरासत और अपनी सामूहिक शक्ति को पहचानने का दिन है।
श्री कुमार ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का महाजाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हर क्षेत्रों में विकास ही विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार बनाने में समस्तीपुर जिले की भी अग्रणी भूमिका है। उन्होंने कहा समस्तीपुर जिला आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पटेल मैदान में इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है। वहीं मुक्तापुर मोईन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो जिले ही नहीं बिहार के लिए भी एक अनोखी लेक फ्रंट होगी।
इस समारोह मे समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह,नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह,अपर समाहर्ता राजेश सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित