चंडीगढ़ , मई 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को संत कबीर कुटीर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। पृथ्वी को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। ये न केवल शुद्ध वातावरण देते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करते हैं।
श्री सैनी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी है। केवल सरकार के प्रयासों से पर्यावरण नहीं बचाया जा सकता। जब हर घर, हर गली और हर संस्थान पौधारोपण को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी हरियाणा हरित प्रदेश बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। वन विभाग के साथ मिलकर स्कूल, कॉलेज और पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जा रहा है। गर्मी और प्रदूषण की बढ़ती समस्या को देखते हुए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित