चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और अदम्य साहस के प्रतीक शहीद उधम सिंह को उनके शहीदी दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक निवास संत कबीर कुटीर में शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उधम सिंह का साहस, देशभक्ति और मातृभूमि के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास का अमर अध्याय है।
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उधम सिंह ने जिस दृढ़ संकल्प और धैर्य का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
श्री सैनी ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र और प्रदेश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित