चंडीगढ़ , अगस्त 24 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई दौरे के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से उनके आवास पर मुलाकात की।

इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में काला अंब में प्रस्तावित पानीपत के तीसरे युद्ध के वीरता स्मारक को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। करीब 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले इस महत्वाकांक्षी स्मारक के निर्माण को हरियाणा और महाराष्ट्र सरकार के सक्रिय सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और पानीपत के तीसरे युद्ध में प्रदर्शित साहस एवं वीरता की गाथा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया। वीरता स्मारक को ऐतिहासिक घटनाओं और बलिदानों से नई पीढ़ी को परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित