आगरमालवा , अक्टूबर 25 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 26 अक्टूबर को आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित मां बगलामुखी देवी लोक के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस धार्मिक परिसर के प्रथम चरण के लिए 85.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।प्रस्तावित देवी लोक का निर्माण भव्यता और वास्तुशास्त्र के अनुरूप किया जाएगा। प्रथम चरण में मुख्य मंदिर के गर्भगृह एवं सुपर स्ट्रक्चर, मंदिर कॉरिडोर के प्रवेश और निकास द्वार, प्रसाद दुकान क्षेत्र, जूता स्टैंड, हाथ धोने और मोबाइल जमा करने की सुविधा, सार्वजनिक सुविधाघर, पार्किंग, घाट विकास तथा विशाल यज्ञशाला का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा सड़क निर्माण, स्थल का समतलीकरण, बाउंड्री वॉल, प्रोटोकॉल भवन, मौजूदा शिव मंदिरों का जीर्णोद्धार और 18, 12 तथा नौ मीटर चौड़े प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे।

देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद है। लखुंदर नदी के किनारे स्थित मां बगलामुखी मंदिर दस महाविद्याओं में से एक देवी बगलामुखी को समर्पित है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु और साधु-संत हवन-अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि के अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने रविवार को नलखेड़ा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभा पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, अस्थायी सुविधाघर, बिजली आपूर्ति तथा प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों, विशिष्टजनों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच मार्ग, पार्किंग स्थल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी, एसडीएम कमल मंडलोई, देव कुमार सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित