हल्द्वानी/चोरगलिया , अगस्त 16 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी दौरे पर चोरगलिया में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन सेतु का लोकार्पण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरनाला के उफान पर आने से मानसून के दौरान हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर अक्सर आवागमन बाधित हो जाता था। इससे क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करने के साथ ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल के निर्माण से अब क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री धामी ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित