खटीमा , अक्टूबर 04 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा में तीन दिवसीय रंगोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने आज दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पारंपरिक रंग में रंगे कलाकारों के साथ ढोल भी बजाया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने अपनी संस्कृति की प्रस्तुतियां दीं।
श्री धामी ने रंगोत्सव को संस्कृति और जनजातीय समाज के गौरव का पर्व बताया। उन्होंने खटीमा को "मिनी इंडिया" कहा और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का आभार जताया, साथ ही पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय खोलने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि पीएम जनमन आवास योजना में अब तक 925 आवास बन चुके हैं। बाजपुर में 100 बिस्तर का बालक छात्रावास बन रहा है और बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने एवरेस्ट फतह करने वाले बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और टीला सेन को भी बधाई दी।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने घोषणा की कि खटीमा के एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल के विस्तार पर केंद्र सरकार लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें चार करोड़ रुपये के छात्रावास का टेंडर पूरा हो चुका है और निर्माण दो-तीन दिन में शुरू होगा। विद्यालय में 240 छात्र और 240 छात्राएं, कुल 480 विद्यार्थी पढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार पीएम-जनमन के लिए 24,000 करोड़, धरती आबा अभियान के लिए 89,000 करोड़ और एकलव्य विद्यालयों के लिए 25,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी जनजातियों की संस्कृति की सराहना की और मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी विरासत सहेजने और 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प में भागीदारी का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित