हरिद्वार , अक्टूबर 12 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया।

इस पहल का उद्देश्य कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।

श्री धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसे सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

कुंभ का आधिकारिक लोगो हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। इसमें मां गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू और मां मनसा देवी व मां चंडी देवी की पहाड़ियों को स्थान दिया गया है। लोगो के डिजाइन के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां आमंत्रित की थीं। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना, जिसके आधार पर आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।

कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं और आमजन को आयोजन से संबंधित प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल मंच से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक कुंभ की तैयारियों तथा आयोजन संबंधी सूचनाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में कुंभ के आधिकारिक गीत 'कुंभ का पर्व आ गया' का भी लोकार्पण किया गया। 'साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया' पंक्तियों से शुरू होने वाले इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है।

गीत के माध्यम से कुंभ के आगमन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और श्रद्धालुओं के सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। लोगो, वेबसाइट और गीत के संयुक्त उपयोग से कुंभ की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने तथा धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने की उम्मीद है।

लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र तथा मेला और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित