रुद्रपुर , मई 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहनगर खटीमा में पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े दो मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों, विशेषकर थारू समाज एवं अनुसूचित जाति के परिवारों को पैसों, इलाज, आर्थिक सहायता और अन्य प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रभावित कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 23 मई को निवलेश राणा निवासी ग्राम दियां, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर ने कोतवाली खटीमा में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति संदीप सिंह राणा, कमलजीत सिंह और दान सिंह राणा उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी जा रही थी।
इस मामले में कोतवाली खटीमा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(2), 351(2), 352, 115(2), 61(2), 299 तथा 3/5 उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दान सिंह राणा आम लोगों विशेषकर थारू जनजाति और गरीब परिवारों को बीमारी ठीक कराने, आर्थिक सहायता दिलाने और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का लालच देता था। पुलिस के अनुसार लोगों को धर्म परिवर्तन के बदले प्रतिमाह छह हजार रुपये और एकमुश्त दो लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया जाता था।
गत 10 मई को रामपाल निवासी वार्ड नंबर-20, मुण्डेली, थाना खटीमा ने भी शिकायत दर्ज कराई कि जय सिंह राणा, द्रौपदी राणा और सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसीह द्वारा थारू बाहुल्य गांवों और गरीब परिवारों को प्रार्थना सभाओं के माध्यम से प्रभावित किया जा रहा है। आरोप था कि लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए मानसिक रूप से तैयार किया जाता था और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में बीएनएस की धारा 196(2), 303 श तथा उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने लगातार दबिश देकर आज चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दान सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर भुडिया थाना खटीमा, जय सिंह सिंह राणा निवासी कुटरी चकरपुर थाना खटीमा, ऊधमसिंह नगर, द्रौपदी राणा निवासी कुटरी चकरपुर थाना खटीमा तथा सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसीह निवासी भूड महोलिया थाना खटीमा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी दान सिंह राणा के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल में प्रार्थना सभाओं की फोटो और वीडियो, धर्मांतरण से संबंधित सामग्री, पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं।
बताया जा रहा है कि दान सिंह राणा के खिलाफ पहले भी थाना खटीमा और नानकमत्ता में धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक अशोक काण्डपाल, उपनिरीक्षक विकास कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद मोहसिन, नरेन्द्र लाल टम्टा, कमल पाल और महिला कांस्टेबल पूजा जोशी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित