चंडीगढ़ , मई 10 -- हरियाणा सरकार की 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत तख्त सचखंड हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) की निःशुल्क यात्रा के लिए आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। इस योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन 15 मई को सिरसा से रवाना होगी।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। पात्र नागरिक सरल हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से या घर बैठे स्मार्टफोन से भी पूरी की जा सकती है।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने संबंधी घोषणा पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।

प्रवक्ता ने बताया कि आवेदक का हरियाणा निवासी होना और उसके पास परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। योजना के नियमों के अनुसार कोई भी व्यक्ति हर तीन साल में केवल एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित