छिंदवाड़ा , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर छिंदवाड़ा आएंगे। इस दौरान वह प्रशासनिक समीक्षा बैठकों, विभिन्न संस्थानों के निरीक्षण तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पहुंचेंगे। वहां से वह एफडीडीआई ऑडिटोरियम जाएंगे, जहां उनके अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निरीक्षण करेंगे। वह प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कौशल विकास गतिविधियों की जानकारी लेंगे। सुबह 11:40 बजे वह लोक सेवा केंद्र पहुंचकर नागरिक सेवाओं, ऑनलाइन व्यवस्था तथा सेवा प्रदाय प्रणाली का अवलोकन करेंगे।

दोपहर में मुख्यमंत्री कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर 12:15 बजे वह उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान नागरिकों से संवाद करेंगे। इस दौरान औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार, शिक्षा, नवाचार और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

इसके बाद दोपहर 1:05 बजे मुख्यमंत्री जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:55 बजे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ भी चर्चा करेंगे। इस दौरान जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, डिजिटल जनसंपर्क और सकारात्मक संवाद से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे इमलीखेड़ा हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित