भोपाल , जनवरी 11 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल में 'कृषक कल्याण वर्ष' के शुभारंभ अवसर पर कोकता बायपास स्थित आरटीओ कार्यालय से लगभग 1101 ट्रैक्टरों की ऐतिहासिक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री स्वयं ट्रैक्टर चलाकर रैली में शामिल हुए। उनके साथ कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना और विधायक रामेश्वर शर्मा भी ट्रैक्टर पर सवार रहे।
भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ई-विकास पोर्टल, एग्री स्टैक वितरण प्रणाली तथा खाद आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था के तहत किसान पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से खाद की बुकिंग कर सीधे डिलीवरी प्राप्त कर सकेंगे, जिससे खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 'कृषक कल्याण वर्ष' केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे वर्ष 16 विभागों के समन्वय से किसानों की आय बढ़ाने और लागत घटाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फूड पार्क विकसित किए जाएंगे, ताकि किसानों की उपज का सही मूल्य मिल सके और फसल खराब होने की समस्या दूर हो।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि डिंडोरी में श्रीअन्न अनुसंधान केंद्र की स्थापना की जाएगी तथा कोदो-कुटकी की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी, जिससे आदिवासी और छोटे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार तीन वर्षों में 30 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें मुफ्त बिजली मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में चल रही नदी जोड़ो परियोजनाओं से करीब 16 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही चना और सरसों की खेती पर विशेष शोध किया जाएगा तथा खाद की आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जिसने 'कृषक कल्याण वर्ष' मनाने की शुरुआत की है। किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि को तकनीक आधारित और लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर ठोस निर्णय ले रही है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर सहित अनेक मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जंबूरी मैदान में लगी कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर गौ-पूजन भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित