उज्जैन , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सरदारपुरा स्थित आराधना भवन पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी के निमंत्रित सदस्य स्व. विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव उनकी अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए और अर्थी को कंधा दिया। स्व. कुमार की अंतिम यात्रा आराधना भवन से चक्रतीर्थ के लिए रवाना हुई, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

संघ सूत्रों के अनुसार राष्ट्र एवं समाज सेवा को समर्पित स्व. कुमार का लंबी बीमारी के बाद छह अक्टूबर की सुबह उज्जैन में निधन हो गया था। उन्होंने अपने लंबे सांगठनिक जीवन में मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक और अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

उज्जैन विभाग संघचालक बलराज भट्ट सहित संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को संघ परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय एवं चिंतामणि मालवीय सहित जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित