भोपाल , नवम्बर 29 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भारत रत्न से सम्मानित देश के प्रख्यात उद्योगपति जेआरडी टाटा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के औद्योगिक विकास में जेआरडी टाटा का योगदान अद्वितीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने राष्ट्र को इंजीनियरिंग, होटल, वायुयान और अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई दिशा प्रदान की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जेआरडी टाटा न केवल देश के औद्योगिक विकास के अग्रदूत थे, बल्कि उनकी सोच, अनुशासन और कार्यसंस्कृति ने भारतीय उद्योग जगत की नींव को मजबूत किया। टाटा समूह के माध्यम से उन्होंने देश में आधुनिक औद्योगिक संस्कृति की स्थापना की, जिसका लाभ आज भी देश की नई पीढ़ी और उद्योगों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास में जेआरडी टाटा की भूमिका ऐतिहासिक रही है। टाटा एयरलाइंस के रूप में उन्होंने देश को पहली वाणिज्यिक विमान सेवा दी, जो आगे चलकर एयर इंडिया के रूप में राष्ट्र की पहचान बनी। इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग, स्टील, होटल और शिक्षा क्षेत्र में भी उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्रांति लाने में जेआरडी टाटा की प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता ने भारत को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की प्रगति में उनके योगदान को युगों तक याद किया जाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित