भिण्ड , जुलाई 12 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रविवार को प्रस्तावित भिण्ड दौरे के कार्यक्रम में देर रात संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अब लहार के कार्यक्रम के बाद सीधे ग्वालियर लौटने के बजाय मेहगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित दंदरौआ धाम भी जाएंगे।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर हेलीकॉप्टर से लहार पहुंचेंगे। यहां वह सबसे पहले लहार विधायक अम्बरीष शर्मा की माताजी स्वर्गीय अरुणा देवी के निधन पर उनके पैतृक गांव सीकरी जागीर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री नगर में रोड शो करते हुए भाटन लाल मैदान पहुंचेंगे, जहां आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होकर योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। लहार विधायक अम्बरीष शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री का रोड शो और सम्मेलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। हालांकि संशोधित कार्यक्रम में दंदरौआ धाम को भी शामिल किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम साढ़े चार बजे लहार हेलीपैड से रवाना होकर मेहगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित दंदरौआ धाम पहुंचेंगे। वहां वह हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके बाद शाम पांच बजकर 35 मिनट पर दंदरौआ धाम हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के संशोधित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने दोनों कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित