भोपाल , मार्च 05 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय पहलवान सुश्री प्रियांशी प्रजापति की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री ने अल्बानिया के तिराना शहर में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज़ में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रियांशी के पिता श्री मुकेश प्रजापति से चर्चा की। श्री प्रजापति ने बेटी की सुरक्षित वापसी में किए गए सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
फरवरी 2026 के अंतिम सप्ताह में 28 फरवरी तक अल्बानिया में आयोजित प्रतियोगिता में प्रियांशी ने 26 फरवरी को अपना मुकाबला जीतते हुए कज़ाकिस्तान, अमेरिका और अल्बानिया की पहलवानों को पराजित किया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया। इससे पूर्व एशियन सीरीज़ में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था।
प्रतियोगिता के उपरांत मध्य पूर्व एशिया में बढ़ते युद्ध तनाव के कारण प्रियांशी और उनके साथ गए खिलाड़ी वहां फंस गए थे। इस स्थिति में मुख्यमंत्री ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहते हुए भी उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित