भोपाल , मई 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सादगी, मितव्ययिता और सुशासन की कार्यशैली को आत्मसात करते हुए आज गुरुवार को इंदौर से उज्जैन तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बस में यात्रा कर सादगीपूर्ण प्रशासन का संदेश दिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशासनिक खर्चों में संयम और संसाधनों के संतुलित उपयोग को प्राथमिकता देते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित रखी। वे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक ही बस में सवार होकर इंदौर से उज्जैन पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्था के लिए केवल तीन अन्य वाहन साथ रहे।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जल गंगा संवर्धन अभियान सहित विभिन्न विकास कार्यों और जनहित योजनाओं पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री की इस पहल को ईंधन बचत और अनावश्यक खर्चों में कमी की दिशा में सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित