उज्जैन , मई 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन-मक्सी रोड स्थित जय गुरुदेव आश्रम पहुंचकर गुरुदेव उमाकांत महाराज से भेंट की, उनका आशीर्वाद लिया तथा अमृत प्रवचन का श्रवण किया।

इस अवसर पर गुरुदेव उमाकांत महाराज ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह कई वर्षों से आश्रम आते रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी व्यस्त समय में भक्ति भाव से आश्रम पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि पहले वह उन्हें "मोहन प्यारे" कहकर बुलाते थे और अब अपने कार्यों से वह जनता के भी प्यारे बन गए हैं। गुरुदेव ने मुख्यमंत्री को सत्य, सनातन और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए जनसेवा करते रहने का आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुदेव के निर्देश पर मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरुदेव का उज्जैन आगमन उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गुरुवर के दर्शन से ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं ईश्वर के दर्शन हो गए हों। यह आश्रम परमात्मा का घर है और गुरुदेव के चरणों से मिलने वाला मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद सभी को निरंतर मिलता रहे और सभी आनंदपूर्वक जीवन यापन करें। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में मानव जीवन को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है और गुरुदेव द्वारा बताए गए मार्ग से जीवन सरल एवं संयमित बनता है।

डॉ. यादव ने कहा कि गुरुदेव की कृपा से प्रदेश में गौशालाओं के निर्माण और संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उज्जैन सहित अनेक धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की गई है। उन्होंने कहा कि उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, दतिया, पीतांबरा पीठ, सलकनपुर, ओरछा और चित्रकूट सहित 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी का निर्णय भी गुरुदेव के आशीर्वाद और प्रेरणा से संभव हो सका।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 तक उज्जैन को मेट्रो सिटी के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के प्रत्येक जिले में "गीता वन" विकसित किए जा रहे हैं, जहां भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों का अध्ययन और आध्यात्मिक गतिविधियां संचालित होंगी। उन्होंने कहा कि जय गुरुदेव आश्रम के माध्यम से प्रदेश और देशभर से आए श्रद्धालु भक्ति मार्ग की ओर अग्रसर हो रहे हैं तथा गुरुदेव के आशीर्वाद से ही वह प्रदेश की जनता की समर्पित भाव से सेवा कर पा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित