भोपाल , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 18 फरवरी को मुंबई क्लाइमेट वीक-2026 के विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान प्रदेश की नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण से संबंधित नवाचारों पर प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश शासन द्वारा 17 से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित मुंबई क्लाइमेट वीक 2026 में राज्य की सतत, स्केलेबल और निवेश-अनुकूल नवकरणीय ऊर्जा पहलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री 18 फरवरी को सायं 6:30 बजे से 8:10 बजे तक मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित होटल सोफिटेल मुंबई बीकेसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण रोडमैप पर केंद्रित प्रेजेंटेशन का नेतृत्व करेंगे।
आयोजन का उद्देश्य देश में जलवायु संबंधी कार्यवाहियों को गति देने के लिए एक केंद्रीकृत राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इस मंच पर राज्यों की जलवायु नवाचार पहलों के प्रस्तुतिकरण के साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और जलवायु इकोसिस्टम पर हितधारकों के साथ संवाद किया जाएगा।
कार्यक्रम में देश-विदेश के नीति-निर्माता, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, निवेशक और क्लाइमेट क्षेत्र से जुड़े प्रैक्टिशनर भाग ले रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार के अनुसार यह आयोजन राज्य को हरित ऊर्जा निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित