रीवा , अगस्त 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। वे रविवार को रीवा में बैठक लेकर सतना जिले के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ और अतिवृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा करेंगे तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भौतिक रूप से अवलोकन करेंगे।

चित्रकूट में पिछले दिनों से लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। बाढ़ के कारण रामघाट से हनुमान धारा पहुंच मार्ग का पुराना पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए चित्रकूट में छह आश्रय स्थलों पर रुकने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की है। राहत एवं बचाव कार्य में सेना के हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं। हालांकि मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है और फिलहाल अधिकतम बाढ़ स्तर 136 मीटर के करीब बताया गया है। मुख्यमंत्री रविवार को चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित