भोपाल , जून 29 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को लोक भवन में सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में हो रही प्रगति और विभिन्न विकासात्मक पहल की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लेकर नौ लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं तथा इस विषय पर व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की आगामी कार्ययोजना से भी राज्यपाल को अवगत कराया।

भेंट के दौरान प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन, गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रस्तावित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, हाल ही में चार कृषि उपजों को मिले भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग से किसानों को होने वाले लाभ, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा नवप्रवर्तन आधारित उद्यमों को प्रोत्साहन, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित