बारां , मई 28 -- राजस्थान में बारां जिले में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत जल संरक्षण के कार्य बड़े पैमाने पर किए जा रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अभियान के तीन चरणों में अब तक कुल 5364 कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 3196 कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों पर करीब 88 करोड़ 90 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.0 के तहत जिले में जल संरक्षण के प्रथम चरण (2023-24) में विभिन्न विभागों के 2430 कार्य 6155 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत किए गए, जिनमें से 2425 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। द्वितीय चरण (2025-26) में 33 ग्राम पंचायतों के 102 गांवों में 2009 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 631 कार्य शुरू किए जा चुके हैं। तृतीय चरण (2026-27) में 44 ग्राम पंचायतों के 119 गांवों में 940 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 140 कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी हो चुकी हैं।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत अटरू पंचायत समिति क्षेत्र में 18 पक्के छोटे बांध प्रस्तावित हैं, जिनमें से 15 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इनसे चार पंचायतों के 14 गांवों में जल संरक्षण को लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित