देहरादून , अगस्त 27 -- उत्तराखंड मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन का इस साल नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। अभी तक 2.35 लाख से ज्यादा खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर चुके है। यह जानकारी गुरुवार को प्रतियोगिता की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी।
सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
श्रीमती आर्या ने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए हर ब्लॉक से कम से कम 2000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने जिला योजना से प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बजट बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों के रहने और भोजन समेत अन्य व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जा सकें।
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष अब तक 2.35 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। अंतिम तिथि 31 अगस्त तक यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है। इस वर्ष प्रतियोगिताओं में आठ से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतिभाग कर सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई, उपनिदेशक शक्ति सिंह आदि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित