पटना , अप्रैल 12 -- बिहार के संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री चेहरे का चुनाव भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को करना है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) विधायक दल उस पर मुहर लगाने की प्रक्रिया में शामिल होगा।
श्री चौधरी आज सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे और नये मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में एक और वर्तमान में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ विमर्श में शामिल हुए।
संसदीय कार्य मंत्री श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास से निकलने के बाद संवाददाताओं से कहा कि नई सरकार बनाने की प्रक्रिया पर राजनीतिक विमर्श जारी है और कुछ दिनों में ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि थोड़ा सब्र करने की जरुरत है और सभी बातों का खुलासा शीघ्र हो जाएगा।
मंत्री ने मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कहा कि भाजपा में इस बात पर मंथन जारी है और नए चेहरे का नाम उन्ही को घोषित करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तरफ से चुने गये नाम पर राजग विधायक दल मुहर लगाएगा।
राजनीतिक गलियारों में आ रही खबरों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 14 अप्रैल तक मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा कर सकती है और राजग विधायकों से समर्थन मिलने के बाद 15 अप्रैल को नई सरकार के गठन की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित