पटना , मई 27 -- ंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य के सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों में मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए सचिव ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में होने वाली मृत्यु अथवा मोक्षधाम एवं कब्रिस्तान में अंत्येष्टि होने की स्थिति में हर हाल में 24 घंटे के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाए, जिससे आम लोगों को समयबद्ध सेवा मिल सके। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा के दौरान निर्मित भवनों का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत सरकार भवनों में बैंक, पोस्ट ऑफिस, आरटीपीएस केंद्र, पुस्तकालय एवं सुधा मिल्क पार्लर जैसी जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में बायोमेट्रिक मशीन, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क एवं सोलर पैनल अधिष्ठापन की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया गया। इसके अलावा पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों के लिए स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) से तकनीकी स्वीकृति लेकर जल्द निर्माण शुरू कराने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य की ग्राम पंचायतों में अब तक कुल 11,13,648 सोलर स्ट्रीट लाईट्स का अधिष्ठापन किया जा चुका है। औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, मधुबनी, खगड़िया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, बक्सर एवं लखीसराय सहित 10 जिलों में शत-प्रतिशत सोलर स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य पूरा हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित