पटना , अप्रैल 12 -- ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के अंतर्गत ग्रामीण पथों के उन्नयन के माध्यम से राज्य के ग्रामीण सड़कों को बेहतर बनाया जा रहा है।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण संपर्कता में उल्लेखनीय सुधार के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत राज्य के सभी जिलों में पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि से बाहर हुई ग्रामीण सड़कों का उन्नयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजनान्तर्गत अब तक 3,036 किलोमीटर सड़कों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से 2,851 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का उन्नयन कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है।

इस योजना के क्रियान्वयन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है तथा कृषि उत्पादों के विपणन में सुगमता आई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से बाजारों तक सुदृढ़ सम्पर्कता सुनिश्चित होने से आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है। साथ ही, लघु व्यवसाय, दुग्ध उत्पादन एवं अन्य ग्रामीण आजीविका आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

ग्रामीण कार्य विभाग राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़, सुरक्षित एवं दीर्घकालिक सड़क सम्पर्कता सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए सतत कार्य किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित