हरिद्वार , अगस्त 20 -- मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जिलास्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। गुरुवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। पांच खेल विधाओं में 77 बालक और 39 बालिकाओं समेत कुल 116 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल में 14 से 17, 17 से 19, 19 से 21 और 21 से 23 वर्ष के चार आयु वर्गों में विकासखंड, नगर निगम और नगर पालिका स्तर से चयनित खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन बैट्री टेस्ट के साथ संबंधित खेलों के कौशल और दक्षता के आधार पर किया गया। बैट्री टेस्ट में 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, 6x10 शटल रन, मेडिसिन बॉल थ्रो और 800 मीटर दौड़ शामिल रही।
मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए सालाना 10,000 रुपये की एकमुश्त राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार योजना के तहत शुक्रवार को योगस्थली खेल परिसर में सुबह आठ बजे से बास्केटबॉल, ताईक्वांडो, फुटबॉल, टेबल-टेनिस और वॉलीबॉल के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित