पटना , जुलाई 26 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बारे में की गई अमर्यादित टिप्पणी की आलोचना की और कहा कि जनता श्री यादव को इसके लिए माफ नही करेगी।
श्री कुशवाहा ने बयान जारी कर श्री यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी लगातार राजनीतिक विफलताओं से बौखलाए तेजस्वी यादव अब मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं। बिहार के मुख्यमंत्री श्री चौधरी के विरुद्ध की गई उनकी अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी घोर निंदनीय तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को अपनी भाषा पर लगाम रखने की नसीहत देते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के प्रति इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किसी भी परिस्थिति में सूबे की प्रबुद्ध एवं जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में महज 25 सीटों पर सिमटने के गहरे राजनीतिक आघात से तेजस्वी यादव अब तक उबर नहीं पाए हैं। इसी हताशा और निराशा के कारण वह भाषाई रूप से बेलगाम हो चुके हैं तथा व्यक्तिगत और स्तरहीन बयानबाजी के माध्यम से अपनी राजनीतिक कुंठा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित